इमरान हाशमी की रोमांटिक-एक्शन फ़िल्म ‘आवारापन 2’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई और पहले ही वीकेंड में बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ को पीछे छोड़ दिया। आज़ादी के दिन वाले लंबे वीकेंड का फ़ायदा फ़िल्म को साफ तौर पर मिला और दर्शकों के बीच इसकी मजबूत पकड़ देखने को मिली।
फ़िल्म निर्माताओं के मुताबिक, ‘आवारापन 2’ ने पहले दिन 23.40 करोड़ रुपये की दमदार ओपनिंग की। शनिवार को इसकी कमाई बढ़कर 34.09 करोड़ रुपये और रविवार को 26.82 करोड़ रुपये रही। इस तरह घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने शुरुआती वीकेंड में शानदार प्रदर्शन किया। दुनिया भर में फिल्म का कुल कलेक्शन 120.86 करोड़ रुपये बताया गया है।
रविवार को फिल्म के 9,403 शो में कुल 52.83 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। सुबह के शो में ऑक्यूपेंसी 25.69 प्रतिशत रही, जो दोपहर में बढ़कर 60.38 प्रतिशत और शाम के शो में 68.62 प्रतिशत तक पहुंच गई। रात के शो में भी 56.62 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज हुई।
क्षेत्रवार प्रदर्शन की बात करें तो दिल्ली-NCR में 947 शो के दौरान 55.8 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी, जबकि मुंबई में 751 शो में 42.8 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई।
‘आवारापन 2’ की यह सफलता 2007 में आई पहली फिल्म ‘आवारापन’ के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन से बिल्कुल अलग है। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी पहली फिल्म भले ही रिलीज़ के समय बॉक्स ऑफिस पर खास कमाल नहीं कर पाई थी, लेकिन बाद में यह दर्शकों के बीच कल्ट क्लासिक के तौर पर लोकप्रिय हुई। पहली फिल्म का लाइफटाइम कलेक्शन 7.75 करोड़ रुपये बताया जाता है, जिसे ‘आवारापन 2’ ने रिलीज़ के शुरुआती घंटों में ही पार कर लिया।
वहीं, ‘आवारापन 2’ ने सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ पर भी बड़ी बढ़त बना ली है। रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बंटवारा 1947’ का अब तक का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 37.11 करोड़ रुपये है।
हालांकि बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन के बावजूद फिल्म को समीक्षकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला है। SCREEN की समीक्षा में इमरान हाशमी के अभिनय की तारीफ करते हुए कहा गया कि वह फिल्म को मनोरंजक बनाए रखते हैं और शुरुआती हिस्से में दमदार दृश्यों के साथ कहानी दर्शकों को बांधे रखती है। हालांकि समीक्षा में फिल्म के तीसरे हिस्से को दोहराव वाला और कुछ हद तक उबाऊ बताया गया है।
फिल्म में इमरान हाशमी शिवम पंडित के किरदार में वापसी कर रहे हैं। उनके साथ दिशा पटानी, पूरन गब्बी, अनिरुद्ध रावल, शबाना आज़मी, सुविंदर विक्की, विजयंत कोहली और अतुल कुमार भी अहम भूमिकाओं में हैं।
नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी ‘आवारापन 2’ को विशेष भट्ट और मुकेश भट्ट ने विशेष फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। बॉक्स ऑफिस के शुरुआती आंकड़ों को देखते हुए फिल्म ने न सिर्फ इमरान हाशमी की वापसी को मजबूत किया है, बल्कि 2007 की ‘आवारापन’ की विरासत को भी नई पीढ़ी के दर्शकों तक पहुंचाने में कामयाबी हासिल की है।

Comments
Post a Comment